भोपाल। भाजपा ने राज्यसभा के लिए मध्य प्रदेश से अपने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी है। बुधवार को भाजपा ने चार उम्मीदवार के नाम घोषित किए हैं। भाजपा ने राज्यसभा के लिए केन्द्रीय मंत्री डॉ एल मुरुगन, उमेश नाथ महाराज, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष माया नारोलिया और भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बंसीलाल गुर्जर को राज्यसभा में भेजने का निर्णय लिया है।

उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश से दो अप्रैल को पांच राज्य सभा सीटें रिक्त हो रही हैं। इन सीटों के लिए चुनाव 27 फरवरी को होना है। इसके लिए नामांकन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 15 फरवरी है।
कांग्रेस का एक ही सीट पर दावा : विधानसभा में दलीय स्थिति के अनुसार कांग्रेस एक सदस्य राज्य सभा में भेजने की स्थिति में है। समझा जाता है कि पार्टी बुधवार को इसके लिए प्रत्याशी घोषित कर देगी। आवश्यकता पड़ने पर 27 फरवरी को सुबह नौ से चार बजे तक मतदान होगा और पांच बजे से मतगणना की जाएगी। कांग्रेस की और से पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने कांग्रेस पार्टी के विधायकों को रात्रि भोज आयोजित किया था। समझा जाता है कि इसमें राज्य सभा चुनाव को लेकर जारी तैयारी पर चर्चा हुई है।