अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर मध्य प्रदेश में एक महिला के साथ ह्रदयविदारक वारदात को अंजाम दिया गया। मामूली विवाद में एक व्यक्ति ने अपने भाई की पत्नी को जिंदा जला दिया। गंभीर हालत में उसे भोपाल रेफर किया गया है।
विदिशा। मामूली विवाद के बाद एक युवक द्वारा अपने छोटे भाई की पत्नी को ज़िंदा जलाने का ह्रदयविदारक मामला प्रकाश में आया है, प्राप्त जानकारी के अनुसार विदिशा जिले में एक व्यक्ति ने मामूली विवाद में अपने भाई की पत्नी को जिंदा ही आग के हवाले कर दिया। इसके बाद वह फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर लिया है। उसकी तलाश जारी है। महिला को भोपाल रेफर किया गया है।
शुक्रवार को जब देश और दुनियाभर में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जा रहा था, तब विदिशा में इस दर्दनाक वारदात को अंजाम दिया गया। विदिशा की 25 वर्षीय पूजा को उसके ही जेठ ने जिंदा जलाने की कोशिश की। हालांकि, वह बच गई और अब जिंदगी के लिए संघर्ष कर रही है। मामला विदिशा जिले के सिरोंज अनुविभाग के अंतर्गत आने वाले ग्राम गरेठा का है। वहां अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर सुबह एक 25 वर्षीय महिला को उसके ही जेठ राजा भैया ने आग के हवाला कर दिया।
सिरोंज एसडीओपी उमेश कुमार तिवारी ने बताया कि 25 वर्षीय पूजा केवट और उसका पति अपने घर में थे। पूजा खाना बना रही थी। इसी दौरान महिला का अपने जेठ राजा भैया से कुछ विवाद हो गया। नाराज राजा ने पूजा के ऊपर कुछ ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी। इस ह्रदय विदारक घटना में 25 साल की पूजा गंभीर रूप से झुलस गई। पुलिस पूजा को लेकर सिरोंज अस्पताल पहुंची, जहां उसकी नाजुक हालत को देखकर इलाज के लिए भोपाल रेफर कर दिया गया है। घटना के बाद से आरोपी राजा मौके से फरार हो गया। पुलिस राजा को जल्द ही गिरफ्तार करने की बात कह रही है। पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज़ कर लिया है।