भारत जोड़ो न्याय यात्रा आज पहुचेंगी उज्जैन, बाबा महाकाल के दर्शन के बाद रोड शो करेंगे राहुल गांधी

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, कमलनाथ, दिग्विजय सिंह, अरुण यादव, उमंग सिंघार समेत कई नेताओं के भी शामिल होने की संभावना है।

उज्जैन।  राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे उज्जैन पहुंचेगी। राहुल गांधी महाकालेश्वर मंदिर में भगवान महाकाल की पूजा अर्चना करेंगे। इसके बाद रोड शो की शुरुआत होगी। शाम करीब 6 बजे देवास गेट पर सभा होगी। इसके बाद कारवां इंगोरिया की ओर रवाना होगा। यात्रा में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के साथ वरिष्ठ नेता कमलनाथ, दिग्विजय सिंह, अरुण यादव, उमंग सिंघार आदि के भी शामिल होने की संभावना है।

कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा मक्सी से विजयगंज मंडी होते हुए दोपहर बाद नगर में प्रवेश करेगी और सीधे महाकालेश्वर मंदिर पहुंचेगी। यहां राहुल गांधी वरिष्ठ पार्टी नेताओं के साथ भगवान महाकाल की पूजा अर्चना करेंगे। इसके बाद महाकालेश्वर मंदिर से रोड शो की शुरुआत होगी जो की उज्जैन के गुदरी चौराहा, गोपाल मंदिर, छत्री चौक, छोटा सराफा, सतीगेट, कंठाल चौराहा, नई सड़क, दौलतगंज, मालीपुरा होते हुए देवास गेट पर आम सभा के साथ समापन होगा।इसके बाद यात्रा इंगोरिया के लिए रवाना होगी। राहुल गांधी रात्रि विश्राम इंगोरिया में ही करेंगे।

अनेको स्थान पर बनाए गए स्वागत मंच

महाकाल मंदिर से देवास गेट तक करीब तीन किलो मीटर लंबे मार्ग पर अनेक जगह स्वागत मंच बनाए जा रहे हैं। इन मंचों से पुष्प वर्षा कर राहुल गांधी व भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल दल का स्वागत किया जाएगा। उज्जैन में करीब 15 से 20 हजार लोगों के यात्रा में शामिल होने का अनुमान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!