हरियाणा के बड़े जाट नेता बीरेंद्र सिंह के बेटे ने छोड़ा भाजपा का दामन
नईदिल्ली। एक दिन पहले मप्र के कई कांग्रेस नेताओं को अपने पाले में लाने वाली भाजपा को कांग्रेस ने जाटलैंड हरियाणा में बड़ा सियासी दांव खेल करारा जबाब दिया है। यहां से भाजपा सांसद बृजेंद्र सिंह को कांग्रेस ने अपने पाले में कर लिया है। बृजेंद्र सिंह ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। बृजेंद्र सिंह के पिता बीरेंद्र सिंह की गिनती बड़े जाट नेताओं में होती है। ऐसे में लोकसभा चुनाव से ठीक पहले यह भाजपा के लिए बड़ा झटका है।
राष्ट्रीय लोक दल के नेता जयंत चौधरी को गठबंधन में शामिल कर भाजपा ने जाट बेल्ट में बड़ा सियासी संदेश देने की कोशिश की थी मगर अब हरियाणा के बड़े जाट नेता चौधरी बीरेंद्र सिंह ने बड़ा सियासी दांव चलते हुए रविवार को चुनाव समिति की बैठक से ठीक पहले उनके बेटे और भाजपा सांसद बृजेंद्र सिंह ने भाजपा को अलविदा कह दिया। बीरेंद्र सिंह के बेटे बृजेंद्र सिंह हिसार से सांसद है और पूर्व आईएएस अधिकारी भी रह चुके हैं। वह कांग्रेस में शामिल हो चुके हैं। लोकसभा चुनाव और हरियाणा विधानसभा से पहले बीरेंद्र सिंह परिवार की भाजपा से दूरी एक बड़ा झटका है।
उल्लेखनीय है की बीरेंद्र सिंह हरियाणा के वरिष्ठ और प्रभावी जाट नेता माने जाते है 2014 में उन्होंने कांग्रेस को छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था। भाजपा ने 2016 में बीरेंद्र सिंह को राज्यसभा भेजते हुए केंद्रीय इस्पात मंत्री बनाया था। 2019 में उनके बेटे बृजेंद्र सिंह हिसार लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद बने थे। इसके बाद बीरेंद्र सिंह ने राज्यसभा से भी इस्तीफा दे दिया था।