कांग्रेस का अकाउंट नहीं, देश में लोकतंत्र फ्रीज़ कर दिया गया है – राहुल गांधी

नईदिल्ली। गुरूवार को कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने एक साथ प्रेस कांफ्रेंस कर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस के खाते फ्रीज होने के बाद पार्टी की और से राहुल गांधी ने हमलावर तेवर अपनाते हुए कहा कि चुनाव आयोग, अदालत और मीडिया सभी ड्रामा देख रहे हैं। कोई बोल नहीं रहा है। लोकतंत्र ही खत्म हो गया है।

उन्होंने गुरुवार को मीडिया से बात करते हुए कहा कि आज हम 2 रुपये खर्च करने के लिए भी मोहताज हैं। कांग्रेस की मीटिंग के दौरान उन्होंने मीडिया से बात की और तीखा हमला बोला। यही नहीं सोनिया गांधी ने भी हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस को पंगु करने की कोशिश हो रही है। सोनिया गांधी ने कहा कि खुद प्रधानमंत्री यह कोशिश कर रहे हैं कि आर्थिक तौर पर काांग्रेस को खत्म कर दिया जाए।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड्गे ने कहा की भारत पूरी दुनिया में अपने लोकतांत्रिक मूल्यों और आदर्शों के लिए पहचाना जाता है, किसी भी लोकतंत्र के लिए निष्पक्ष चुनाव अनिवार्य होता है, साथ ही आवश्यक होता है की चुनाव में भाग ले रहे सभी दलों के लिए समान अवसर हो, पर देश में दुर्भाग्य से देश में सत्ताधारी दल इन सभी मूल्यों को ध्वस्त करने में लगा है, जो की शर्मनाक भी है , इससे देश की छवि को ठेस पहुंची है, पिछले 70 सालों में निष्पक्ष चुनाव और स्वस्थ लोकतंत्र की छवि बनाई थी उस पर प्रश्नचिन्ह उठ गया है।       

राहुल गांधी ने कहा कि एक महीने पहले कांग्रेस के बैंक खातों को फ्रीज कर दिया गया। यदि किसी संस्था, कंपनी या परिवार के साथ ऐसा हो जाए तो वह खत्म हो जाएगा। लेकिन हमारे साथ यही हुआ। इसके बाद भी कोई अदालत, संस्था या चुनाव आयोग इस पर बात करने को तैयार नहीं है। सभी चुप हैं और ड्रामा देख रहे हैं। ऐसा भारत में लोकतंत्र है। एक ऐसी पार्टी अपने नेता को कहीं भेज नहीं सकती, रेल टिकट नहीं खरीद सकती, जिसे भारत के 20 फीसदी लोग वोट करते हैं। उन्होंने कहा कि यहां कोई भी लोकतंत्र नहीं है, जहां मुख्य विपक्षी दल के खाते ही बंद कर दिए गए हों। 

इस मामले में सभी कोर्ट और चुनाव आयोग की भी भूमिका हो सकती है, लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि मेरा सवाल है कि आखिर चुनाव आयोग इस मसले पर क्यों चुप है। उन्होंने कहा कि ऐसे कदम से भाजपा ने सिर्फ कांग्रेस के खाते को फ्रीज नहीं किया बल्कि पूरे लोकतंत्र को फ्रीज कर दिया गया। उन्होंने कहा कि आयकर कानून कहता है कि ज्यादा से ज्यादा 10 हजार रुपये का फाइन लगाया जा सकता है। लेकिन कांग्रेस से करोड़ों रुपये की वसूली की गई और उसके खाते भी बंद कर दिए गए।

  • नफ़रत से भरी ‘असुर शक्ति’ ने लोकतंत्र की हत्या के लिए कांग्रेस के बैंक अकाउंट को फ्रीज़ कर दिया है।
  • हम न प्रचार कर सकते हैं, न विज्ञापन दे सकते हैं, और न ही हमें आम चुनावों में किसी भी स्तर पर लेवल प्लेइंग फील्ड है।
  • 30 साल पुराने मामले और ₹14 लाख की अनियमितता के आरोप में नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए कांग्रेस पर ₹200 करोड़ का जुर्माना लगाया गया है।
  • सबसे बड़े विपक्षी दल की ‘फाइनेंशियल आइडेंटिटी’ को मिटाने की कोशिश हो रही है और लोकतंत्र की रक्षा के लिए बनाए गए संस्थान तमाशा देख रहे हैं।
  • न्यायिक संस्थान चुप हैं, मीडिया चुप है, और जिसका काम ही निष्पक्ष चुनाव कराना है वो चुनाव आयोग भी इस ‘क्रिमिनल एक्शन’ पर चुप्पी साधे हुए है।
  • क्या अब भी आपको लगता है देश में लोकतंत्र बचा है? 
  • देश की जनता की सबसे बड़ी ताकत लोकतंत्र और सबसे कीमती धरोहर संविधान को सरेआम लूटा जा रहा है। 
  • यह हमला कांग्रेस पर नहीं, जनता के अधिकारों और देश के भविष्य पर है। 
  • कांग्रेस का अकाउंट नहीं, देश में लोकतंत्र फ्रीज़ कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!