पूर्व सीएम कमल नाथ ने हरदा के मोरगढ़ी में कांग्रेस प्रत्याशी रामू टेकाम के समर्थन में जनसभा को किया संबोधित, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी के मुद्दे उठाते हुए भाजपा पर बोला जमकर हमला।
हरदा। Loksabha Election 2024 पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमल नाथ (Kamal Nath) ने हरदा जिला मुख्यालय से करीब 55 किमी दूर ग्राम पंचायत मोरगढ़ी में शनिवार को चुनावी सभा को संबोधित किया। कमल नाथ ने कहा कि बाबा साहेब ने जो हमको संविधान दिया उसके कारण सात मई को चुनाव है। बाबा साहेब ने अगर ऐसा संविधान नहीं दिया होता तो कोई चुनाव नहीं हुआ होता। हमारे देश को प्रजातंत्र दिया है। डा आंबेडकर को पूरे विश्व ने माना है। आप सब हमारे संविधान के रक्षक बनकर रहिए। हमारी देश की संस्कृति सबसे जोड़कर रखती है। आज यह संस्कृति भी खतरे में हैं। मैं आपसे यह भी निवेदन करना चाहता हूं कि इस संस्कृति की रक्षा भी आपको करनी है। तीस साल से भाजपा ने दिया क्या है। भाजपा ने भ्रष्टाचार दिया तो कोरोना की मौत भी दी। कमल नाथ ने कहा कि पूरे देश में केवल एक जिला छिंदवाड़ा ऐसा था जहां कोरोना के समय एक दिन या एक घंटे भी आक्सीजन की कमी नहीं रही। एक इंजेक्शन या एक टेबलेट की भी कमी नहीं आने दी गई।
भाजपा ने प्रदेश को दिया भ्रष्टाचार, माफियाराज
भाजपा ने भर्ती घोटाला दिया, माफियाराज दिया, बलात्कार दिया। इसके अलावा भाजपा ने घर-घर शराब देने का भी काम किया है। किसानों को सिंचाई योजना का लाभ भी नहीं मिला। देशभर में सबसे भ्रष्ट प्रदेश हमारा घोटाला प्रदेश और देश में सबसे ज्यादा बेरोजगार मध्यप्रदेश में हैं। मप्र में कोई निवेश लगाने को तैयार नहीं है। कमल नाथ ने कहा कि जब मैं मुख्यमंत्री था तब निवेश करने वाले बताते थे कि यहां कितना भ्रष्टाचार था। इसलिए लोग भाजपा के समय यहां निवेश करने से बचते थे। निवेश के साथ ही भ्रष्टाचार शुरू हो जाता था।
संवाद24 की खबरों के लिए व्हाट्सएप चैनल को फॉलो करे, फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें..
Follow the संवाद 24 channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaE8doLBPzjdzNPorg3V

भाजपा प्रत्याशी पर साधा निशाना
इस क्षेत्र की पूरी जिम्मेदारी मैं लेता हूं। मुझे ताज्जुब होता हैं। तीस साल से आपने जिस सांसद को चुना, उसका मैंने कभी नाम नहीं सुना ना ही देखा। अभी में आमला से आ रहा हूं। वहां लोग कह रहे थे कि सांसद तो हमारे यहां आता ही नहीं है। मोरगढ़ी के लोग कह रहे हैं कि सांसद यहां भी नहीं आता, तो वो जाता कहां है। तीस साल आपको बंधुआ बनाकर रखा। अब यह चुनाव आपकी आजादी का चुनाव है। कमलनाथ ने बैतूल-हरदा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी रामू टेकाम के बारे में कहा कि मैं इसके घर गया, इसकी शादी में गया। रामू और मेरा नजदीकी संबंध है। आपको शुरू में कह दूं इस क्षेत्र के विकास के लिए रामू जो कहेगा, वह कमल नाथ पूरा करेगा।
क्षेत्र के विकास के लिए एक नई शुरुआत करेंगे

कमल नाथ ने कहा कि जनता महंगाई से जूझ रही है। भाजपा के लोग हर बात में झूठ बालेंगे। पेट्रोल-डीजल या किसी भी वस्तु को देख लो सभी के भाव बढ़े हैं। हर महीने कुछ ना कुछ बढ़ जाता है। यह सब आपके सामने हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि 07 मई को इस क्षेत्र के विकास के लिए एक नई शुरुआत करेंगे। मुझे मौका देंगे कि जो आप कहेंगे, वह काम मैं कर सकूं। रामू टेकाम के साथ मैं भी करूंगा। आप सच्चाई का साथ देना, सच्चाई आप सबके सामने आएगी। सच्चाई का साथ देंगे तो आगे हम सब का भविष्य सुरक्षित होगा। कमल नाथ ने इस दौरान मंच से पूर्व जिलाध्यक्ष लक्ष्मीनारायण पंवार का केक काटकर जन्मदिन भी मनाया।