वे जो चाहते थे, वह मेरा बलात्कार करना था” : पीड़ित स्पेनिश पर्यटक
नई दिल्ली। झारखंड के दुमका जिले से शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां स्पेन की एक महिला से कथित तौर पर 7 लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया है। फिलहाल घटना पर पुलिस का कहना है कि मामले में दोषी तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है, बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है। यह घटना रांची से करीब 300 किलोमीटर दूर हंसडीहा थाना क्षेत्र के कुरुमाहाट में हुई। वारदात वाले दिन स्पेन की महिला अपने पार्टनर के साथ एक टेंट में सो रही थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार महिला और उसका साथी, जो दो मोटरसाइकिलों पर बांग्लादेश से दुमका पहुंचे थे और यहां से बिहार होते हुए फिर नेपाल जा रहे थे, जब वे एक अस्थायी तंबू में रात के लिए रुक रहे थे, तो उन्हें भी लूट लिया गया और पीटा गया।
शुक्रवार की रात सामूहिक बलात्कार की शिकार हुई स्पेनिश महिला ने याद करते हुए कहा, सात लोगों ने मेरे साथ बलात्कार किया है। पूरे चेहरे पर चोट के निशान वाली महिला ने एक इंस्टाग्राम पोस्ट में भयावहता साझा की: “हमारे साथ कुछ ऐसा हुआ है कि हम किसी के साथ नहीं चाहेंगे। सात लोगों ने मेरे साथ बलात्कार किया है।”
उन्होंने कहा, “उन्होंने हमें पीटा और लूटा, हालांकि बहुत कुछ नहीं, क्योंकि वे जो चाहते थे वह मेरा बलात्कार करना था।”
मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है और पुलिस ने बाकी आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। घटना की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का भी गठन किया गया है।
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, दुमका के पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खेरवार ने कहा कि हंसडीहा पुलिस की गश्ती टीम को शुक्रवार रात करीब 11 बजे सड़क के किनारे दो लोग मिले थे, उन्होंने कहा, “गश्त करने वाली टीम को लगा कि उनके साथ कुछ हुआ है। चूंकि वे स्पेनिश में बात कर रहे थे, इसलिए पुलिस समझ नहीं पाई कि वे क्या कह रहे थे। हालांकि, पुलिसकर्मी यह मानकर उन्हें स्थानीय अस्पताल ले आए कि उन्हें कुछ इलाज की जरूरत है।”
उन्होंने कहा, स्पैनिश जोड़े ने डॉक्टरों को यौन उत्पीड़न की घटना के बारे में बताया।
दुमका एसपी खेरवार ने आगे बताया की “हमें शनिवार सुबह करीब 1.30 बजे घटना की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही जांच शुरू कर दी गई थी। हमने पीड़िता से बात की। इसके बाद हमने कुछ लोगों को हिरासत में लिया और पूछताछ के दौरान उन्होंने अपनी घटना में संलिप्तता स्वीकार कर ली है , पकडे गए आरोपियों ने कुछ और साथियों के नाम बताए है, इसी आधार पर आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है। खेरवार ने बताया की इस संबंध में फोरेंसिक टीम और सीआईडी की भी मदद ले रहे हैं।
ऐसे में कौन आयेगा… झारखंड – मरांडी
झारखंड बीजेपी अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने पुलिस के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है, उन्होंने कहा, “जब विदेशियों के साथ ऐसी घटनाएं होंगी, तो कौन झारखंड आना चाहेगा ? यहां कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। पुलिस के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।”
शनिवार को बजट सत्र के समापन दिवस के दौरान यह मुद्दा झारखंड विधानसभा में भी उठाया गया।
घटना की निंदा करते हुए राज्य मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने कहा, “यह दुर्भाग्यपूर्ण है। अपराध में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”
हमारे सड़े हुए समाज पर शर्म आती है …. ऋचा चड्ढा
अभिनेत्री ऋचा चड्ढा ने शनिवार को झारखंड में एक स्पेनिश महिला के साथ कथित सामूहिक बलात्कार पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की और कहा कि यह “हमारे सड़े हुए समाज के लिए शर्म की बात है”। झारखंड के दुमका जिले में शुक्रवार को अपने पति के साथ बाइक टूर पर निकली एक स्पेनिश पर्यटक के साथ कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार किया गया। ऋचा चड्ढा ने एक इंस्टाग्राम पोस्ट में घटना के बारे में लिखा, “शर्मनाक! भारतीय विदेशियों के साथ वैसा ही व्यवहार कर रहे हैं जैसा वे अपनी महिलाओं के साथ करते हैं। हमारे सड़े हुए समाज पर शर्म आती है।”