जनता को अपने वोट का चुनाव सही रूप से करना होगा: कल्पना सोरेन, अरविंद कोई व्यक्ति नहीं एक सोच है – मान; सत्ता आती है, जाती है, अहंकार चूर-चूर होता है – प्रियंका गांधी
दिल्ली में विपक्ष की ‘लोकतंत्र बचाओ रैली’ में शामिल नेताओं ने बीजेपी के नेतृत्व वाली सरकार को घेरते हुए मोदी सरकार की तानाशाही के ख़िलाफ़ जमकर भाषण दिया और लोगों से अपील की कि वो लोकसभा चुनावों में “गणतंत्र और संविधान बचाने के लिए” बीजेपी की ख़िलाफ़ वोट करें।
दिल्ली के रामलीला मैदान में हुई रैली में कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी, एनसीपी नेता शरद पवार, नेशनल कॉन्फ्रेंस नेता फ़ारूक़ अब्दुल्ला, शिव सेना उद्धव ठाकरे गुट के प्रमुख उद्धव ठाकरे, वामपंथी पार्टियों की ओर से सीताराम येचुरी, डी राजा, दीपांकर भट्टाचार्य, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, आरजेडी से तेजस्वी यादव, जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला, टीएमसी से डेरेक ओ ब्रायन, पंजाब के मुख्यमंत्री और आप नेता भगवंत मान, जेएमएम की नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन, जम्मू कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती, रविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल आदि कई ‘इंडिया गठबंधन’ के नेताओं ने शामिल होकर लोकसभा चुनाव से पहले विपक्षी दलों ने एकजुटता दिखाने की कोशिश की।
जनता को अपने वोट का चुनाव सही रूप से करना होगा: कल्पना
INDIA गठबंधन की ‘महारैली’ में झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) नेता और पूर्व CM हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन ने कहा, “आज यहां उमड़ा जन सैलाब इस बात की गवाही दे रहा है कि लोकतंत्र को खत्म करने के लिए जिस तरीके तानाशाह ताकतों ने अपने कदम बढ़ाएं हैं उसका अंत करने के लिए यह सभा आज आयोजित हुई है। आज भारत में बाबा साहेब के संविधान से प्राप्त संवेधानिक अधिकारो को चुन-चुनकर NDA सरकार के द्वारा खत्म किया जा रहा है। इन्होंने हमारे संवैधानिक मूल्यों को तहस-नहस कर दिया है। आपको (जनता) अपने वोट का चुनाव सही रूप से करना होगा।”
रैली में गरजीं सुनीता अरविंद केजरीवाल
INDIA गठबंधन की ‘महारैली’ को संबोधित करते हुए दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने कहा, “मोदी जी ने मेरे पति को जेल में डाल दिया, क्या प्रधानमंत्री ने सही किया ? क्या आप मानते हैं कि केजरीवाल एक सच्चे देश भक्त और ईमानदार व्यक्ति हैं ? क्या केजरीवाल जी को इस्तीफा देना चाहिए ? आपके केजरीवाल शेर हैं, ये ज़्यादा दिन तक आपको जेल में नहीं रख पाएंगे।”
सुनीता केजरीवाल ने कहा, “…यदि आप सब INDIA गठबंधन को मौका देते हैं तो हम सब मिल कर एक ऐसे महान राष्ट्र का निर्माण करेंगे, केवल नाम में INDIA गठबंधन नहीं हैं बल्कि दिल में INDIA है। मैं (अरविंद केजरीवाल) INDIA गठबंधन की ओर से 140 करोड़ भारतवासियों को 6 गारंटी देता हूं। पहला – पूरे देश में 24 घंटे बिजली का इतज़ाम करेंगे, दूसरा – पूरे देश के गरीबों की बिजली फ्री करेंगे, तीसरी – हर गांव हर मोहल्ले में शानदार सरकारी स्कूल बनाएंगे, चौथा – हर गांव में मोहल्ला क्लिनिक बनाएंगे, फ्री इलाज की व्यवस्था करेंगे, पांचवां – किसानों को स्वामीनाथन आयोग के मुताबिक MSP पर फसलों की कीमत दिलवाएंगे, छठी – दिल्ली वासियों को उनका हक दिलाएंगे, दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाएंगे। यह ऐलान करने से पहले मैंने INDIA गठबंधन के साथियों से उनकी अनुमति नहीं ली लेकिन उम्मीद है कि किसी को इस पर आपत्ति नहीं होगी। यह गारंटी हम अगले पांच वर्ष में पूरी करेंगे।”
अरविंद कोई व्यक्ति नहीं एक सोच है – मान
INDIA गठबंधन की ‘महारैली’ को संबोधित करते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा, “देश का लोकतंत्र खतरे में है, ये देश किसी के बाप की जागीर नहीं है। ये 140 करोड़ लोगों का देश है, ये (भाजपा) क्या समझते हैं, इसको भी अंदर खत्म कर दो, उसको भी अंदर कर दो, ये नेता फ्रीज़ कर दो, क्या आप ऐसे जीत जाएंगे ? हुकूमत वो करते हैं जिनका दिलों पर राज होता है, यूं कहने पर तो मुर्गों के सिर पर ताज होता है। मैं नमस्कार करता हूं कि इन्होंने (कल्पना सोरेन और सुनीता सोरेन) इतने दुख झेले, इन्होंने क्या-क्या नहीं देखा। अरविंद केजरीवाल को तो आप (भाजपा) गिरफ्तार कर लेंगे लेकिन आप उनकी सोच को कैसे गिरफ्तार करेंगे ? अरविंद केजरीवाल कोई व्यक्ति नहीं है, अरविंद केजरीवाल सोच का नाम है। “
जिस जमीन के नाम पर हेमंत को गिरफ्तार किया गया, उस जमीन का कहीं भी किसी किताब में जिक्र नहीं है – सीएम चंपई सोरेन
इंडिया गठबंधन की ‘महारैली’ को संबोधित करते हुए झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने कहा, “आज जिस जमीन के नाम पर हेमंत सोरेन को गिरफ्तार किया गया, उस जमीन का कहीं भी किसी किताब में जिक्र नहीं है। झारखंड में हेमंत सोरेन ने पिछड़े वर्गों और समुदायों का जो उत्थान किया, उससे भाजपा के पेट में दर्द शुरू हो गया। यही लड़ाई हमारे पूर्वजों ने भी झारखंड में लड़ी थी। हम सब एक हैं। हम झारखंड के साथ-साथ देश में भी भाजपा की विचारधारा को पनपने नहीं देंगे।”
संवाद 24 के व्हाट्सएप चैनल को फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें..
Follow the संवाद 24 channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaE8doLBPzjdzNPorg3V

सत्ता आती है, जाती है, अहंकार चूर-चूर होता है – प्रियंका गांधी
INDIA गठबंधन की ‘महारैली’ को संबोधित करते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा, “हर साल इस मैदान में दशहरे के दिन रावण के पुतले का दहन होता है। आज जो सत्ता में हैं वे अपने आप को राम भक्त कहते हैं, मुझे लगता है कि वे कर्मकांड में उलझ गए हैं। मैं आज उन्हें याद दिलाना चाहती हूं कि वो हजारों वर्ष पुरानी गाथा क्या थी, भगवान राम जब सत्य के लिए लड़े तो उनके पास सत्ता नहीं थी, उनके पास संसाधन नहीं थे, उनके पास तो रथ भी नहीं था, संसाधन रावण के पास थे, भगवान राम के पास सत्य, आशा, आस्था , प्रेम, परोपकार, धीरज और साहस था। मैं सत्ता में बैठे हुए अपने प्रधानमंत्री मोदी को याद दिलाना चाहती हूं कि भगवान राम के जीवन का क्या संदेश था। सत्ता सदैव नहीं रहती। सत्ता आती है, जाती है, अहंकार चूर-चूर होता है।”