Ind vs Eng 5th Test: पहले दिन का खेल खत्म, भारत पहली पारी में 135/1, रोहित-यशस्वी का अर्धशतक।

धर्मशाला। गुरुवार को शुरू हुए भारत इंग्लैंड टेस्ट सीरीज के पांचवे और अंतिम टेस्ट के पहले दिन का खेल खत्म हो चुका है। भारत ने अपनी पहली पारी में एक विकेट गंवाकर 135 रन बना लिए हैं। भारतीय कप्तान रोहित और यशस्वी ने ताबड़तोड़ पारी खेलते हुए तेजी से स्कोर बनाते हुए इंग्लैंड को शुरुआत से बैकफुट पर धकेल दिया, रोहित शर्मा ने 77 गेंद में टेस्ट करियर का 18वां अर्धशतक पूरा किया। 

इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में 218 रन बनाए थे। इस हिसाब से भारत अभी भी इंग्लैंड से 83 रन पीछे है। कप्तान रोहित शर्मा 52 रन और शुभमन गिल 26 रन बनाकर नाबाद हैं। दोनों के बीच 31 रन की साझेदारी हो चुकी है। भारतीय टीम को एकमात्र झटका यशस्वी जायसवाल के रूप में लगा। वह 58 गेंद में 57 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें शोएब बशीर ने विकेटकीपर बेन फोक्स के हाथों स्टंप कराया। 

इससे पहले इंग्लैंड की पहली पारी भारतीय स्पिनरों के सामने घुटने टेकते हुए चायकाल के कुछ समय बाद 218 रन पर सिमट गई थी। कुलदीप यादव ने पांच विकेट झटके। वहीं, 100वां टेस्ट खेल रहे रविचंद्रन अश्विन ने चार विकेट लिए। इंग्लैंड की ओर से जैक क्राउली ने सबसे ज्यादा 79 रन बनाए। इसके अलावा रवींद्र जडेजा को एक विकेट मिला। आज के खेल में इंग्लैंड के सभी 10 विकेट भारतीय स्पिनर्स ने लिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!