कलेक्टर सिंह ने जिला अस्पताल में घायल मरीजों के स्वास्थ्य की जानकारी ली

हरदा। नवागत कलेक्टर आदित्य सिंह ने शुक्रवार को जिला अस्पताल का दौरा कर वहां बैरागढ़ दुर्घटना के भर्ती घायल मरीजों से चर्चा कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और अस्पताल में व्यवस्थाओं के संबंध में पूछताछ की। उन्होंने सभी घायल मरीजों को आश्वस्त किया कि उनके उपचार की बेहतर व्यवस्था की जाएगी। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अभिनव चौकसे तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रोहित सिसोनिया भी मौजूद थे।

कलेक्टर सिंह ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर एचपी सिंह और सिविल सर्जन डॉक्टर मनीष शर्मा को निर्देश दिए कि दुर्घटना के घायल सभी मरीजों का निःशुल्क और बेहतर उपचार किया जाए। अस्पताल में मरीजों को कोई परेशानी ना हो, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जिला अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों की जानकारी भी सिविल सर्जन डॉक्टर शर्मा से ली। कलेक्टर सिंह ने जिला अस्पताल की साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने के लिये भी सिविल सर्जन को निर्देश दिये। उन्होने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सिंह को निर्देश दिये कि प्रत्येक मरीज की उपचार व्यवस्था का नियमित फालोअप वे स्वयं करें। उन्होने सिविल सर्जन को निर्देश दिये कि सभी वार्डों में भर्ती मरीजों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिये अस्पताल के डॉक्टर नियमित राउण्ड लें और सुनिश्चित करें कि मरीजों को कोई परेशानी न हो। साथ ही जिन घायलों को अस्पताल से डिस्चार्ज किया जा चुका है, उनके स्वास्थ्य की स्थिति की भी मॉनिटरिंग लगातार की जाए। अस्पताल में भर्ती प्रेमबाई ने कलेक्टर सिंह को बताया कि इस दुर्घटना में उसका घर नष्ट हो गया तथा घर का पूरा सामान जल गया है, जिस पर उन्होने प्रेमबाई को हर संभव मदद उपलब्ध कराने के लिये आश्वस्त किया। उन्होने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिये कि इस दुर्घटना के बाद जो मरीज मानसिक रूप से परेशान होने के कारण भर्ती है, उनके लिये मनोचिकित्सक व काउंसलर की व्यवस्था की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!