भोपाल। राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा दो मार्च को मध्य प्रदेश के मुरैना से प्रवेश करेगी और सात मार्च को राजस्थान के लिए निकल जाएगी। भारत जोड़ो न्याय यात्रा के प्रदेश भ्रमण के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ, दिग्विजय सिंह सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रदेश में पूरी यात्रा में राहुल गांधी के साथ कदमताल करेंगे।
प्रदेश में आ रही भारत जोड़ो न्याय यात्रा की तैयारियों के बीच कमलनाथ सोमवार को छिंदवाड़ा पहुंचेंगे और दो मार्च को ग्वालियर से यात्रा में शामिल होंगे। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा है कि सभी यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर राहुल गांधी का संबल और साहस बनें।
भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी मध्य प्रदेश में पांच बड़ी जनसभाएं अलग-अलग क्षेत्रों में करेंगे। इन सभाओं में राहुल गांधी कहीं बेरोजगारों की तो कहीं किसान, आदिवासी, अनुसूचित जाति वर्ग और महिलाओं के संदर्भ में जन-संवाद और सभाएं करेंगे। भारत जोड़ो न्याय यात्रा मध्य प्रदेश के मुरैना, ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, ब्यावरा, शाजापुर, मक्सी, उज्जैन, बड़नगर, बदनावर और सैलाना से होकर गुजरेगी।