नईदिल्ली। मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद केंद्र सरकार के खिलाफ लगातार हमलावर रही आम आदमी पार्टी को अब पुरे विपक्ष का समर्थन हासिल होता दिख रहा है, पूरा विपक्ष एकजुट होकर आगामी INDI गठबंधन केंद्र सरकार के खिलाफ 31 मार्च को रामलीला मैदान में रैली का आयोजन करेगा। रविवार को दिल्ली में जारी एक प्रेस कांफ्रेंस में इस आशय की घोषणा की गई है।
दिल्ली की मंत्री और आप नेता आतिशी ने कहा, ‘INDI गठबंधन 31 मार्च को रामलीला मैदान में ‘महा रैली’ का आयोजन कर रही है। यह अरविंद केजरीवाल को बचाने के लिए नहीं बल्कि लोकतंत्र को बचाने के लिए आयोजित किया जा रहा है। विपक्ष को एकतरफा हमलों का सामना करना पड़ रहा है।’
उन्होंने बताया की INDI गठबंधन केंद्र सरकार के खिलाफ 31 मार्च को रामलीला मैदान में रैली के दौरान INDI गठबंधन के नेता देश को बचाने, तानाशाही खत्म करने के लिए अपनी आवाज को बुलंद करेंगे और वहां से मिलकर संयुक्त लड़ाई को देश के अंदर बढ़ाएंगे। दिल्ली कांग्रेस और आप की साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह बातें कहीं गईं। कांग्रेस ने कहा कि देश के लोकतंत्र पर हमला हो रहा है। विपक्ष को खत्म करने की साजिश की जा रही है।
‘भाजपा ने 55 करोड़ रुपये का यह चंदा लिया’
दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा, ‘चुनावी बांड के पीछे छिपकर भाजपा ने तथाकथित उत्पाद शुल्क नीति मामले के सबसे बड़े सरगना शरद चंद्र रेड्डी से लगभग 60 करोड़ रुपये लिए। यह कोई आरोप नहीं है, यह सच्चाई है और हमने सबूत दिखाए हैं। शरद चंद्र रेड्डी की गिरफ्तारी के बाद भाजपा ने 55 करोड़ रुपये का यह चंदा लिया।
‘यह रैली भारत के लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई का आह्वान होगी’
दिल्ली कांग्रेस चीफ अरविंदर सिंह लवली ने कहा, ’31 मार्च को INDI गठबंधन दिल्ली में एक बड़ी रैली करेगा, INDI गठबंधन के प्रमुख नेता रैली को संबोधित करेंगे। ये रैली सिर्फ राजनीतिक रैली नहीं होगी, यह रैली भारत के लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई का आह्वान होगा।’
‘महा रैली में INDI गठबंधन के तमाम बड़े नेता शामिल होंगे’
आप नेता और दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा, ‘रामलीला मैदान एक ऐतिहासिक जगह है। देश के बड़े-बड़े आंदोलन रामलीला मैदान में हुए, आम आदमी पार्टी का उदय रामलीला मैदान से हुआ है। इसमें (महा रैली) INDI गठबंधन के तमाम बड़े नेता शामिल होंगे और देश को, विश्व को संदेश देंगे।