भोपाल। मध्य प्रदेश में कांग्रेस के नेताओं का पलायन रुकने का नाम नहीं ले रहा है, भाजपा भी लोकसभा चुनाव के मध्येनजर दोनों बाहें फैलाकर कांग्रेस नेताओं को पार्टी में शामिल करने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है, मंगलवार को एक बार फिर कांग्रेस के 2 पूर्व विधायको ने अपने समर्थको के साथ भाजपा का दामन थाम लिया।
आज कांग्रेस के पूर्व विधायक अरुणोदय चौबे और शिवदयाल बागरी ने भाजपा की सदस्यता ली। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा की मौजूदगी में दोनों नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ली।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने अंगवस्त्र पहनाकर कांग्रेस नेताओं को भाजपा की सदस्यता दिलाई। दोनों नेताओं के साथ कई कार्यकर्ता भी भाजपा में शामिल हुए। प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि अरुणोदय चौबे सशक्त और ताकतवर नेता के रूप में जाने जाते हैं। शिवदयाल बागरी अनुसूचित जाति के बड़े नेता हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि अरुणोदय के साथ आज नया अरुणोदय हुआ है। सागर की हमारी प्रत्याशी लता वानखेड़ेजी आपकी प्रचंड जीत होगी। बीजेपी की सदस्यता दिलाने के बाद वीडी शर्मा ने कहा कि आज भाजपा में अभियान के तहत जिन्होंने सदस्यता ली है ऐसे पूर्व विधायक अरुणोदय चौबे हैं। वे कांग्रेस में सशक्त नेता के तौर पर वे जाने जाते हैं। भाजपा के परिवार में उनका स्वागत करता हूं। गुन्नौर में कांग्रेस के विधायक रहे शिवदयाल बागरी का स्वागत करता हूँ। भाजपा की सदस्यता लेने के बाद अरुणोदय चौबे ने कहा मेरा नाम कांग्रेस की लिस्ट में था सागर से टिकट दिया जा रहा था, लेकिन मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यों से प्रभावित होकर भाजपा में आया हूं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश सुरक्षित है।